Monday, October 19th, 2026

चॉकलेट भी हेल्थ और ब्यूटी टॉनिक



कौन कहता है कि चॉकलेट खाना हानिकारक होता है? अगर आपसे किसी ने कहा भी है या आपने कहीं पढ़ा भी है तो उस सबको भुला दीजिए। ऐसा इसलिए क्योंकि अगर आप जरूरत से अधिक मात्रा में खाएंगे तो आपको देसी घी भी नुकसान देगा! और अगर हर दिन सीमित मात्रा में खाएंगे तो चॉकलेट भी हेल्थ और ब्यूटी टॉनिक की तरह लाभ पहुंचाएगी...

स्किन के लिए वरदान है चॉकलेट
मोटापा बढ़ाने से लेकर शुगर बढ़ाने तक, ना जाने चॉकलेट के बारे में आपने क्या-क्या पढ़ा होगा। हम एक बार फिर आपसे यही बात कहेंगे कि चॉकलेट खाने के नुकसान तभी होते हैं, जब आप बहुत अधिक मात्रा में इसका सेवन करते हैं। फिर अधिक मात्रा में तो आप कोई दवाई भी खा लेंगे तो वो भी नुकसान ही पहुंचाएगी।

चॉकलेट खाने से आपकी त्वचा सुंदर और स्वस्थ बनती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि चॉकलेट को तैयार करने में कोकोआ पाउडर, दूध और शुगर का उपयोग किया जाता है। इस कारण यह आपकी त्वचा को अंदर से पोषण देकर उसमें नमी बनाए रखने में सहायता करती है।

त्वचा पर इन तरीकों से काम करती है चॉकलेट
चॉकलेट आपकी त्वचा में कोशिकाओं के बनने की प्रक्रिया को तेज करती है। आपको बता दें कि त्वचा में हर समय कोशिकाओं के बनने की प्रक्रिया चलती रहती है। क्योंकि हर दिन हमारी त्वचा की करीब 40 हजार कोशिकाएं मर जाती हैं और उनकी जगह नई सेल्स ले लेती हैं।

लेकिन सही पोषण की कमी और बढ़ती उम्र जैसे कई अलग-अलग कारणों के चलते त्वचा में कोशिकाओं के बनने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है, जिससे त्वचा फीकी और थकी हुई नजर आने लगती है। ऐसे में यदि आप नियमित रूप से चॉकलेट के 2 से 3 पीस तक खाते हैं तो आपका मूड भी फ्रेश रहता है और स्किन भी।

यूवी किरणों से सुरक्षा दे
अलग-अलग शोध में यह बात सामने आई है कि कोकोआ में पाया जानेवाला फ्लैवोनॉल त्वचा पर सूरज की अल्ट्रावायलट किरणों का बुरा असर नहीं होने देता है। साथ ही त्वचा की रफनेस यानी खुरदरेपन की समस्या को दूर रखता है।

कोकोआ के सेवन से त्वचा में प्राकृतिक लचक बनी रहती है। क्योंकि कोकोआ त्वचा पर प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट्स और फाइबर की पूर्ति करता है। रही बात चॉकलेट की तो आप अधिक शुगर युक्त चॉकलेट की तुलना में डार्क चॉकलेट या सिर्फ कोकोआ पाउडर को अलग-अलग फूड्स के साथ सेवन करें। इससे शुगर का खतरा भी नहीं रहेगा और आपको कोकोआ का पूरा लाभ भी मिलेगा।

आपके बालों के लिए चॉकलेट
त्वचा के साथ ही बालों के लिए भी चॉकलेट किसी वरदान की तरह है। क्योंकि चॉकलेट खाने से ना केवल आपके बालों की स्ट्रेंथनिंग अच्छी होती है बल्कि आपके बालों का वॉल्यूम भी बढ़ता है। यानी आपके बाल घने और मजबूत बनते हैं।

यह कमाल होता है कोकोआ पाउडर में मौजूद प्राकृतिक गुणों के कारण। कोकोआ पाउडर में आयरन, मैग्नीशियम, कैल्शियम और फास्फोरस जैसे जरूरी तत्व पाए जाते हैं। जो आपके बालों की मजबूती और लंबाई बढ़ाने के साथ ही, उन्हें घना बनाने का काम भी करते हैं।


ब्रेन को हेल्दी और मूड को मस्त रखे
त्वचा और बालों के साथ ही कोकोआ पाउडर आपके ब्रेन के लिए भी बहुत अच्छा होता है। यह आपके ब्रेन में गुड हॉर्मोन्स के सीक्रेशन को बढ़ाकर तनाव का स्तर कम करता है। इससे आपकी त्वचा ग्लोइंग बनी रहती है, बाल कम झड़ते हैं और मूड अच्छा रहता है।

तो अबसे चॉकलेट सिर्फ टेस्ट के लिए मत खाइए, बल्कि हर दिन थोड़ी-थोड़ी चॉकलेट अपनी सुंदरता को बनाए रखने के लिए खाइए। ताकि हेल्थ भी बनी रहे और आप चॉकलेट का स्वाद भी इंजॉय कर पाएं।

 

Source : Agency

पाठको की राय